पासपोर्ट वेरिफिकेशन होगा अब पूरी तरह ऑनलाइन
बिलासपुर के रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के एसपी के साथ बैठक में उन्होंने साफ कहा कि अब पुलिसिंग में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर काम तय डेडलाइन में पूरा करना होगा. इस बैठक में सबसे बड़ा फैसला पासपोर्ट वेरिफिकेशन को लेकर लिया गया. आईजी ने निर्देश दिए कि अब पुलिस 15 दिन के अंदर पासपोर्ट वेरिफिकेशन पूरा करेगी. इसके साथ ही लोगों को बार-बार थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पूरे प्रोसेस को ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि आम जनता को परेशानी न हो और काम तेजी से हो सके. फिजिकल वेरिफिकेशन के नाम पर लोगों को परेशान करने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं.
लंबित पड़े मामलों पर जताई नाराजगी
आईजी ने रेंज में लंबित पड़े 2374 मर्ग मामलों पर नाराजगी जताई. उन्होंने खासतौर पर 2024 से पहले के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा. हत्या जैसे गंभीर मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि जांच में देरी न हो और जल्द न्याय मिल सके. इसके अलावा, हाईवे पेट्रोलिंग को मजबूत करने और माइनिंग क्षेत्रों में काम करने वाले बाहरी मजदूरों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए. आईजी ने कहा कि दूसरे राज्यों में दबिश देने के दौरान पुलिस टीमों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
बैठक में रायगढ़, मुंगेली, कोरबा और सक्ती समेत सभी जिलों के एसपी मौजूद रहे. आईजी ने सुशासन तिहार को लेकर भी सख्ती दिखाई. उन्होंने कहा कि 1 मई से 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के दौरान आने वाली हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता से किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
