खुशबू देवांगन ने टॉप-10 में बनाई जगह, मामा के घर में रहकर की पढ़ाई - CGKIRAN

खुशबू देवांगन ने टॉप-10 में बनाई जगह, मामा के घर में रहकर की पढ़ाई


छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने आज 10वीं और 12वीं बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए हैं. इस परीक्षा परिणाम में जांजगीर-चांपा जिले की खुशबू देवांगन ने अपनी सफलता का परचम लहराया है. खुशबू ने 12वीं (कॉमर्स) में 96.40% अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, साथ ही प्रदेश की प्रावीण्य सूची (Top 10) में 10वां स्थान बनाकर जिले का मान बढ़ाया है.

भीड़भाड़ वाले घर में भी बनाए रखी एकाग्रता

खुशबू चांपा नगर पालिका के एक छोटे से मकान में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही हैं. कमाल की बात यह है कि उस छोटे से घर में 10 सदस्य रहते हैं. इतनी भीड़ और शोर-शराबे के बीच भी खुशबू ने अपना ध्यान भटकने नहीं दिया और अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश स्तर पर नाम रोशन किया. सरस्वती शिशु मंदिर की इस छात्रा ने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, दृढ़ निश्चय से सफलता पाई जा सकती है.

भविष्य का लक्ष्य: व्यापार के क्षेत्र में बढ़ना

तीन बहनों में सबसे छोटी खुशबू ने आर्थिक तंगी और अभावों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी. उन्होंने अपनी मां और बहनों के सपनों को सच कर दिखाया है. कॉमर्स विषय की छात्रा खुशबू अब भविष्य में व्यापार (Business) के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं.

सफलता का मंत्र: 'रटना नहीं, सीखना जरूरी

मीडिया से चर्चा करते हुए खुशबू ने बताया कि उनकी सफलता का राज केवल 'रिवीजन' और 'क्लास की पढ़ाई' पर ध्यान देना है. उन्होंने कहा, "पढ़ाई रटने वाली नहीं बल्कि सीखने वाली होनी चाहिए." अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच उन्होंने पढ़ाई के लिए समय निकाला और तनाव दूर करने के लिए वे मोबाइल और तबला वादन (म्यूजिक) का सहारा लेती थीं. उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों और परिवार को दिया है.

कंप्यूटर देखने से पहले ही शुरू हुआ बधाइयों का सिलसिला

परिणाम वाले दिन खुशबू सुबह से ही उत्साहित थीं और परिवार के साथ कंप्यूटर पर नजरें गड़ाए बैठी थीं. लेकिन इंटरनेट पर रिजल्ट देखने से पहले ही उनके पास फोन और बधाइयों का तांता लग गया. जैसे ही खबर मिली कि खुशबू ने टॉप किया है, परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. उनके मामा हलधर देवांगन और सरस्वती शिशु मंदिर के उपाध्यक्ष नंद कुमार देवांगन ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताया है.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads