आरटीई से प्रवेश शुरू, 30 मई लेना होगा एडमिशन
छत्तीसगढ़ में आरटीई (नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया शुुरू हो गई है। छात्रों को 30 मई तक प्रवेश लेने होंगे। आरटीई के तहत राज्य के 6861 स्कूलों में कुल 21,698 सीटें हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए 38 हजार 439 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 27 हजार 203 आवेदन पात्र एवं 11 हजार 236 आवेदन अपात्र पाए गए।
विभाग के अनुसार, चयनित बच्चों के सभी अभिलेखों का परीक्षण पूर्व में नोडल प्राचार्य द्वारा किया जा चुका है इसलिए निजी शालाओं को प्रवेश के समय किसी अभिलेखों का परीक्षण फिर से नहीं किया जाएगा। विभाग ने साफ कहा है कि चयनित बच्चों के प्रवेश की कार्यवाही में पालकों को किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना न पड़े।
नोडल प्राचार्य के लॉगिन से ही बच्चों की जानकारी पोर्टल में अपडेट
पहले प्रवेशित एवं प्रवेश नहीं लेने वाले बच्चों की जानकारी निजी शाला खुद अपने लाॅगइन के माध्यम से पोर्टल में अपडेट करते थे। इस वर्ष से यह जानकारी नोडल प्राचार्य के लॉगिन से ही प्रवेश लेने वाले एवं प्रवेश नहीं लेने वाले बच्चों की जानकारी आरटीई पोर्टल में अपडेट की जाएगी। प्रवेशित एवं अप्रवेशित बच्चों के नाम पोर्टल में अपडेट करने की जिम्मेदारी निजी शाला प्रबंधन (प्राचार्य) एवं नोडल प्राचार्य की संयुक्त रूप से दी गई है।
दूसरा चरण 8 जून से
द्वितीय चरण की प्रक्रिया 8 जून से शुरू हो जाएगी, जिसमें नए स्कूलों का रजिस्ट्रेशन होगा। उसके बाद 1 से 11 जुलाई तक विद्यार्थी पंजीयन होंगे। फिर 27 से 31 जुलाई तक लाॅटरी एवं आवंटन होगा, जिसके बाद छात्रों को स्कूल में दाखिला 3 से 17 अगस्त तक लेना होगा।
