परिणाम से असन्तुष्ट 10वीं-12वीं के छात्र कर सकेंगे पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना के लिए आवेदन
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद छात्रों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। जो विद्यार्थी अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं वे पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका की छाया प्रति के अवलोकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, छात्र 14 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम 29 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर ही आवेदन करना अनिवार्य होगा।
समयसीमा के बाद नहीं होगा आवेदन स्वीकार
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तय अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आधिकारिक वेबसाइट के जरिए प्रक्रिया पूरी कर लें।
ऑनलाइन ही होगी पूरी प्रक्रिया
सभी आवेदन ऑनलाइन मोड में ही लिए जाएंगे, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनी रहे। छात्र अपने विषयों के अनुसार पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन या उत्तर पुस्तिका की कॉपी के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि निर्धारित समयसीमा का पालन करना जरूरी है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
