पश्चिम बंगाल में ‘कमल’ राज: शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री, अमित शाह ने की घोषणा - CGKIRAN

पश्चिम बंगाल में ‘कमल’ राज: शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री, अमित शाह ने की घोषणा


पश्चिम विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगा दी। बीजेपी विधायक दल की बैठक और केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंथन के बाद शुवेंदु अधिकारी पर भरोसा जताया। शुभेंदु अधिकारी, पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री होंगे. पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान का मुख्य चेहरा बनकर उभरे शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में मात दी थी. इसके अलावा नंदीग्राम सीट से भी जीत हासिल की है. इसके बाद से वे मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार के रूप में देखे जा रहे थे. 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में पराजित किया था. शुक्रवार 8 मई को न्यूटाउन के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक, केंद्रीय पर्यवेक्षक और राज्य के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया. अब वह गवर्नर आरएन रवि के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन जाएंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह बैठक हुई.

पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए सेंट्रल ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "मैं पश्चिम बंगाल BJP विधायक दल के नेता के रूप में चुने गए शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूं." अमित शाह के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद थे.

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नौ मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय जनतांत्रिक पार्टी (राजग) के नेतृत्व वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है.

अमित शाह के ऑफिस से जारी शेड्यूल के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री शनिवार को सुबह करीब 10:30 बजे अपने होटल से निकलेंगे और सुबह 11:00 बजे तक ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे. इसके बाद, दोपहर करीब 12:30 बजे, वह ब्रिगेड से निकलकर एयरपोर्ट जाएंगे. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है इस समय तक बंगाल में BJP सरकार का शपथ ग्रहण समारोह खत्म हो जाएगा.

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए गए शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में नई भाजपा सरकार पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी. भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है. राज्य अब भरोसे के दौर की ओर बढ़ेगा.

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो फेज में चुनाव हुए थे. पहला फेज 23 अप्रैल को और दूसरा और आखिरी फेज 29 अप्रैल को हुआ था. हालांकि, एक सीट फाल्टा विधानसभा का चुनाव रद्द कर दिया गया. 4 मई 2026 को हुई मतगणना के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 80 सीटें ही मिली.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads