10 साल बाद रायपुर में IPL का धमाका: भिड़ेंगे विराट-रोहित...! RCB, MI और KKR के बीच महामुकाबला - CGKIRAN

10 साल बाद रायपुर में IPL का धमाका: भिड़ेंगे विराट-रोहित...! RCB, MI और KKR के बीच महामुकाबला


रायपुर में एक बार फिर क्रिकेट का जुनून चरम पर पहुंचने वाला है। 10 साल के लंबे इंतजार के बाद राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मुकाबले होने जा रहे हैं। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। स्टेडियम में विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके साथ ही बॉलीवुड और बिजनेस जगत की कई चर्चित हस्तियों के भी रायपुर पहुंचने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक अनुष्का शर्मा, रितिका सजदेह और अंबानी परिवार के सदस्य भी मैच देखने पहुंच सकते हैं।

नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी 10 और 13 मई को होने वाले टाटा आईपीएल टी-20 मैचों के सफल आयोजन के लिए राज्य प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और आयोजन से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव के इन कड़े निर्देशों के बाद अब नवा रायपुर का प्रशासन क्रिकेट के इस महाकुंभ की मेजबानी के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, जिससे दर्शकों को एक सुरक्षित और आनंदमयी अनुभव मिल सके।

नवा रायपुर में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर होटल, कैफे और बाजारों में भी उत्साह का माहौल है। शहर में बाहर से आने वाले क्रिकेट फैंस की संख्या बढ़ने लगी है। मैच से पहले ही टिकटों की मांग तेजी से बढ़ गई है और स्टेडियम के आसपास तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

ज्ञात हो कि 10 मई 2026 केा रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) बनाम मुंबई इंडियंस (MI) और 13 मई 2026 को  रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मध्य मैच खेला जाएगा।

सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट मोड पर पुलिस

आईपीएल मैचों को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए व्यापक प्लान तैयार किया है। पूरे आयोजन की मॉनिटरिंग वरिष्ठ IPS अधिकारियों की निगरानी में होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 8 IPS अधिकारी, 20 राजपत्रित अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहेंगे। ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अलग से अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

RCB ने रायपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अपना बनाया होम ग्राउंड

दरअसल, जून 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की IPL जीत के बाद हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर प्रतिबंध लगा दिया था, इसलिए आरसीबी ने दो मैच के लिए रायपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाया है. बता दें कि इससे पहले साल 2016 में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम IPL मैच खेला गया था. 

2016 में हुआ था आखिरी आईपीएल मैच

इससे पहले साल 2016 में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल के दो मैच खेले गए थे. दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ यहां घरेलू मैच खेल थे. इसके बाद से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट फैंस आईपीएल की वापसी का इंतजार कर रहे थे.


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads