अब घर बैठे कर सकेंगे सेप्टिक टैंक सफाई के लिए ऑनलाइनआवेदन, ऐसा करने वाला देश में पहला नगर निगम रायपुर
अब लोगों को अपने मकानों का सेप्टिक टैंक खाली कराने के लिए निगम या जोन कार्यालयों में जाकर अर्जी लगाने और रसीद कटवाने की जरूरत नहीं। बल्कि घर बैठे नगर निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन सैप्टिक टैंक क्लीनिंग पर जाकर अपनी प्रॉपर्टी आईडी या मोबाइल नंबर के माध्यम से सीधे आवेदन कर सकते हैं। क्योंकि शहरी स्वच्छता मिशन के तहत एक डैशबोर्ड सिस्टम तैयार किया गया है।
देश में पहली बार रायपुर नगर निगम ने UPYOG आधारित Faecal Sludge and Septage Management (FSSM) डैशबोर्ड प्रोटोटाइप का सफल शुभारंभ किया। यह नवाचार राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (एनयूडीएम) के तहत विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य शहरी स्वच्छता सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं पूर्णतः डिजिटल बनाना है।
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के मार्गदर्शन में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स एवं एनटीआईटी के तकनीकी सहयोग से यह डैशबोर्ड तैयार किया गया है। लॉन्च समारोह में केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव प्रवीर कुमार तथा राघवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। अध्यक्षता महापौर मीनल चौबे ने की।
शहरी निकायों के लिए एक आदर्श मॉडल
अपयोग (UPYOG) आधारित यह डैशबोर्ड सेप्टिक टैंक डिस्लजिंग, परिवहन, उपचार एवं सुरक्षित निपटान की पूरी प्रक्रिया को एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाएगा। यह निगरानी, डेटा विश्लेषण एवं बेहतर निर्णय निर्माण में सहायक होगा, जिससे शहरी स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही और नागरिक सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सफाई मित्रों की सुरक्षा, लोगों को बेहतर सुविधा
महापौर चौबे ने कहा, इस प्रणाली से सफाईमित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और लोगों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। अब लोग अपने मकान के सेप्टिक टैंक खाली करवाने के लिए ज़ोन कार्यालय जाकर रसीद कटवाने के चक्कर में नहीं लगाने पड़ेंगे।
