छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की घोषणा, 1 जून को होगा मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. चुनाव प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी. दोनों चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे. इसमें 4 नगर पंचायतों में चुनाव और एक नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होगा. निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 11 मई से 18 मई 2026 तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे. वहीं नामांकन पत्रों की जांच 19 मई और नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई तय की गई है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान 1 जून 2026 को होगा. नगरीय निकाय में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे और पंचायत चुनाव में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा. वहीं मतगणना और परिणामों की घोषणा 4 जून 2026 को की जाएगी.
11 से भरे जाएंगे नामांकन (नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव)
नगरपालिकाओं के अध्यक्ष के 05 पद तथा वार्ड के पार्षद के 77 पद, कुल 82 पदों तथा त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10. सरपंच के 82 तथा पंच के 1136 पद, कुल 1228 रिक्त पद की पूर्ति के लिए नाम निर्देशन पत्र 11 मई 2026 से 18 मई 2026 तक प्राप्त किये जाएंगे, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 19 मई 2026 को होगी तथा 21 मई 2026 तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।
कितने मतदाता करेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के मुताबिक नगरीय निकाय चुनाव में कुल मतदाता- 44,525 होंगे और मतदान केंद्र- 115 बनाए जाएंगे. वहीं पंचायत चुनाव में कुल मतदाता 10 लाख 37 हजार से अधिक हैं. 2026 के पंचायत चुनाव में कुल मतदान केंद्र 937 होंगे.
इन नगर पंचायतों में होंगे चुनाव
नगर पंचायत बम्हनीडीह
नगर पंचायत शिवनंदनपुर
नगर पंचायत पलारी
नगर पंचायत घुमका
अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव- 4 नगर पंचायतों में चुनाव के अलावा नगर पंचायत सहसपुर लोहारा (कबीरधाम) में सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होगा. दरअसल यहां के निर्वाचित अध्यक्ष संतोष मिश्रा का आकस्मिक निधन 25 जनवरी को हो गया था.
