छत्तीसगढ़ सरकार सरकारी कर्मियों को देगी 12 दिनों की खास छुट्टी
छत्तीसगढ़ शासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने उन्हें 12 दिनों की खास छुट्टी देने का ऐलान किया है. छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक अहम फैसला लिया है. इसके तहत अब उन्हें विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा. सरकार की ओर से बताया गया है कि इस निर्णय का उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, मानसिक तनाव कम करना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है. सरकार का मानना है कि विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने से कर्मचारियों को मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी. छत्तीसगढ़ सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर बताया है कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए अधिकतम 12 दिनों का विशेष अवकाश ले सकेंगे.
सरकार का मानना है कि लगातार काम के दबाव और व्यस्त दिनचर्या के कारण कर्मचारियों में मानसिक तनाव की समस्या बढ़ने के मामले सामने आए हैं. ऐसे में ध्यान और साधना से मानसिक शांति मिलेगी और कर्मचारियों की कार्य क्षमता बढ़ेगी. राज्य सरकार का यह कदम कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विपश्यना ध्यान को तनाव कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम माना जाता है.
12 दिनों का ले सकते हैं अवकाश
सरकार की तरफ से जारी आदेश में बताया गया है कि ऐसे अधिकारी या कर्मचारी, जो आयोजित 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें अधिकतम 12 दिनों के लिए विशेष छुट्टी दी जाएगी. सरकार की तरफ से बताया गया है कि इस तरह का अवकाश एक साल में ज्यादा से ज्यादा 6 बार और हर मौके पर ज्यादा से ज्यादा 12 दिनों का ही मिलेगा.
छुट्टी का कर्मचारियों को मिलेगा पूरा वेतन
खास बात ये है कि इस तरह के अवकाश को ड्यूटी माना जाएगा और इस अवधि का वेतन भी दिया जाएगा. वहीं कर्मचारियों को शिविर हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य पैसे नहीं देने होंगे. इस तरह के अवकाश अवकाश शासकीय कार्य की सुगमता को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत किया जाएगा.
इन शर्तों का करना होगा पालन
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी निर्धारित की गई हैं. संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को आवेदन के साथ विपश्यना केंद्र से प्राप्त पंजीकरण पत्र (Admission Letter) संलग्न करना अनिवार्य होगा. शिविर समाप्त होने के बाद प्रतिभागी को संबंधित केंद्र से जारी प्रमाण पत्र (Completion Certificate) अपने कार्यालय में जमा करना होगा. यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो इस अवधि को अन्य अवकाश में समायोजित कर दिया जाएगा.
