खेत में मर्सिडीज लेकर जुआ खेलने पहुंचे रईसजादे, जुआरियों के पास से 6.34 लाख रुपये जब्त - CGKIRAN

खेत में मर्सिडीज लेकर जुआ खेलने पहुंचे रईसजादे, जुआरियों के पास से 6.34 लाख रुपये जब्त

 


रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अभनपुर थाना क्षेत्र में खेत के बीच चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने राहुल सिंह (34), निवासी सेक्टर-10 भिलाई और रितेश कुमार (36), निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा रायपुर को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 6.34 लाख रुपये नकद, मर्सिडीज कार और आईफोन जब्त किया है। मामले के अन्य आरोपित फरार हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छह अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर ग्रामीण और धमतरी जिले की सीमा पर स्थित ग्राम टोकरो के पास खेतों के बीच कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं डीएसपी नवा रायपुर के नेतृत्व में अभनपुर थाना पुलिस टीम ने रेड की कार्रवाई की।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागे जुआरी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस टीम को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर कई आरोपित फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो आरोपितों को पकड़ लिया। मौके से छह लाख 34 हजार रुपये नकद, ताश की गड्डी, मर्सिडीज कार और दो नग आईफोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads