छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
छत्तीसगढ़ में नए स्कूली शिक्षा सत्र की शुरुआत अब 16 जून को ही होगी। सोशल मीडिया पर वायरल खबर में बताया गया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्कूल खुलने (School Holidays) की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। आपको बता दें कि ये मात्र अफवाह है। राज्यभर में स्कूल 16 जून को खुलेंगे। इस अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों में प्रसारित की जा रही यह सूचना कि नया शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से शुरू होगा, पूरी तरह असत्य, भ्रामक एवं फर्जी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे केवल शासन एवं विभाग द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक खबरों से सावधान रहें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक जुलाई से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
मंत्री ने कहा- केवल आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्कूलों के खुलने को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 16 जून से ही प्रदेशभर में शैक्षणिक सत्र की नियमित शुरुआत होगी। मंत्री ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी कराकर शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया है।
स्कूलों में तैयारियां तेज
विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल खुलने से पहले भवनों, कक्षाओं और परिसरों की साफ-सफाई पूरी की जाए। मरम्मत योग्य भवनों का कार्य समय पर पूरा करने और बच्चों के लिए आकर्षक एवं प्रिंट-रिच वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया है। शाला त्यागी बच्चों की वापसी सुनिश्चित कर उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश देने के निर्देश भी जारी हुए हैं।
ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से जोड़ने पर जोर
शिक्षा विभाग ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान चलाने को कहा है। इसके अलावा जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित मामलों के निराकरण, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी तीन महीनों की शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि 16 जून से ही प्रदेश के सभी स्कूल नियमित रूप से संचालित होंगे और स्कूल खुलने की तारीख आगे बढ़ाए जाने संबंधी वायरल आदेश पूरी तरह भ्रामक एवं असत्य है।
