लगातार दूसरी जीत से ग्रुप ए की तालिका में शीर्ष पर भारत, ईशान-हार्दिक और वरुण चमके
भारत ने नामीबिया को 93 रन से हरा दिया। गुरुवार को दिल्ली में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 10 विकेट पर 116 रन ही बना सकी।
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपनी शानदार बल्लेबाजी और जबरदस्त गेंदबाजी के दम पर लगातार दूसरी जीत हासिल कर ग्रुप-ए में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की दमदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 10 विकेट पर 116 रन ही बना सकी। यह भारत की रनों के अंतर से टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने 2012 में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। वहीं, टी20 विश्व कप में लगातार 10 मैचों में जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम पहली टीम बन गई।
मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार तरीके से अभियान की शुरुआत की थी। अब भारत की नजरें रविवार (15 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर है। यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए हाई-प्रेशर वाला होगा। बता दें कि, इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, पाकिस्तान दूसरे पायदान पर खिसक गया।
टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने नामीबिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का बड़ा स्कोर बनाया। भारतीय पारी में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने तूफानी अर्धशतक जड़े, जबकि नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरेस्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल कर मैच में रोमांच बनाए रखा।
अगर संजू सैमसन की पारी कुछ पलों की चमक जैसी थी, तो ईशान किशन की बल्लेबाजी पूरी फिल्म की तरह रोमांच से भरी रही। किशन ने 24 गेंदों में 61 रन ठोक डाले। उन्होंने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल थे। नामीबिया के गेंदबाजों ने जैसे ही लंबाई में जरा सी चूक की, किशन ने पूरी ताकत से गेंद को स्टैंड्स के पार पहुंचा दिया। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी।
संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाए। उनकी पारी में तीन आकर्षक छक्के शामिल थे।हालांकि, अच्छी शुरुआत के बावजूद वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और काउ कॉर्नर पर कैच आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास नहीं कर सके। उन्होंने 12 गेंदों में 12 रन बनाए। बर्नार्ड शोल्ट्ज़ की शानदार गेंद पर सूर्या आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में चूक गए और स्टंप आउट हो गए। यह पारी की बेहतरीन गेंदों में से एक थी। तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया, लेकिन इरास्मस की विविधताओं के सामने जूझते नजर आए।
पारी के आखिरी दस ओवरों में हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 28 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और चार चौके शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को 200 के पार पहुंचाया। शिवम दुबे ने भी 16 गेंदों में 23 रन बनाकर अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच 6.3 ओवर में 81 रन की साझेदारी हुई, जिसने नामीबिया की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
