नितिन नबीन के नेतृत्व पर बीजेपी नेताओं ने जताया भरोसा! अजेय शक्ति के रूप में उभरेगी बीजेपी'- विष्णुदेव साय - CGKIRAN

नितिन नबीन के नेतृत्व पर बीजेपी नेताओं ने जताया भरोसा! अजेय शक्ति के रूप में उभरेगी बीजेपी'- विष्णुदेव साय

 


भारतीय जनता पार्टी  के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया. वह भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और 45 वर्ष की उम्र में बीजेपी के सबसे युवा अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया. इससे पहले जगत प्रकाश नड्डा इस पद पर थे. नितिन नबीन के 'ताजपोशी' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इस मौके पर पीएम मोदी ने नए भाजपा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि "नितिन नबीन मेरे बॉस हैं, मैं एक कार्यकर्ता हूं." उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की युवा ऊर्जा, संगठन के प्रति समर्पण पार्टी को मजबूती देगी.

पार्टी की ऐतिहासिक मजबूती का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है- 240 लोकसभा सीटों और कई राज्यों में सरकारों के साथ. प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को "नई पीढ़ी का प्रतिनिधि" बताया और कहा कि नए अध्यक्ष, पार्टी को और मजबूत बनाएंगे. पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपने पतन की जिम्मेदारी खुद ले, जबकि बीजेपी विकास और सेवा के रास्ते पर अडिग है. इस मौके पर पीएम ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन को और विस्तार दें, खासकर आगामी चुनावों के लिए.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। सीएम साय ने नितिन नबीन की नियुक्ति पर कहा कि पार्टी नवीन के नेतृत्व में एक 'अजेय शक्ति' के रूप में उभरेगी। सीएम साय ने मंगलवार को नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय में नवनिर्वाचित अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। सीएम विष्णुदेव साय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'नबीन जी के नेतृत्व में भाजपा बनेगी अजेय शक्ति! उनका सशक्त संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक दृढ़ता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव भाजपा को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा। उनके नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।” सीएम ने कहा कि “प्रभु श्रीराम जी के आशीर्वाद से भाजपा का यह नवयुग राष्ट्र निर्माण की नयी गाथा रचे यही मंगलकामना है।” छत्तीसगढ़ के मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, बोर्ड और निगम प्रमुख, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी नवीन को बधाई दी।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads