जामगांव (एम) से सीएम साय की बड़ी सौगात, शिक्षा के साथ विकास परियोजनाओं की घोषणाएं
पाटन विकासखंड के ग्राम जामगांव (एम) में राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हुआ. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेशोत्सव का शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री ने पहली, छठवीं और नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और स्कूल बैग वितरित कर आत्मीय स्वागत किया. इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया. साथ ही मुख्यमंत्री ने एस्ट्रोनॉमी लैब का उद्घाटन किया.
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सीएम ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रदेश में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना है. वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जामगांव में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. सीएम ने दुर्ग में जेडी डीईओ और बीईओ कार्यालय के लिए कंपोजिट बिल्डिंग बनाने, ऑडिटोरियम निर्माण, खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल मैदान और एथलेटिक ट्रैक बनाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 100 सीटों वाले हॉस्टल के निर्माण की घोषणा की.
बच्चों को तिलक लगाकर और स्कूल बैग देकर स्कूल में प्रवेश कराना बेहद सुखद अवसर है. छात्र मन लगाकर पढ़ाई करें और देश, प्रदेश तथा अपने विद्यालय का नाम रोशन करें: विष्णु देव साय,मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
अतिथि शिक्षकों को मिल सकती है गुड न्यूज
अतिथि शिक्षकों के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर विचार कर रही है, सभी के हित में अच्छा निर्णय लिया जाएगा. वहीं, वंदे मातरम् को लेकर उन्होंने कहा कि यह गीत स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा और शक्ति का स्रोत रहा है, इसलिए इसका स्वागत किया जाना चाहिए.

