छत्तीसगढ में अब 1 अप्रैल से खुलेंगे सरकारी स्कूल
जामगांव एम में राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के दौरान कई बड़ी घोषणाएं
छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित जामगांव एम के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े ऐलान किए. आगामी सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल 1 अप्रैल से खुलेंगे और 15 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर नियमित पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी. इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ी राहत देते हुए दुर्ग में NEET और JEE के छात्रों के लिए 100-100 सीट वाले दो अलग-अलग हॉस्टल बनाने का ऐलान किया गया है. समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्कूली बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर और स्कूली बैग सौंपकर उनका स्वागत किया.
मुख्यमंत्री ने स्कूल में पहली बार प्रवेश लेने वाले नन्हे बच्चों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को स्नेह पूर्वक आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें। बड़े सपने देखें और अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं संस्कारों से परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रभावना का विकास करना है। शिक्षा संस्कारित समाज, सशक्त राष्ट्र और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा संसाधनों या अवसरों के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रहे।
