प्रियंका के बहाने बस्तर में एकजुटता दिखाएगी कांग्रेस, मातृशक्ति सम्मेलन से करेंगी कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर आने वाली हैं। छत्तीसगढ़ में नवंबर-दिसंबर 2023 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने बस्तर में सक्रियता बढ़ा दी है। उनके संभावित दौरे को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। मातृ शक्ति के नाम से कांग्रेस सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रही हैं. प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं. पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश में धार्मिक हिंसा पर मोहन मरकाम ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि बीजेपी मुद्दाविहीन है. इसलिए धार्मिक मुद्दों को बढ़ावा दे रही है. कुछ महीने पहले नारायणपुर में हुई हिंसा जीता जागता उदाहरण है. उन्होंने बीजेपी पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया. ज्ञात हो कि बस्तर की सभी 12 विधानसभा सीटों भानुप्रतापपुर, नारायणपुर, केशकाल, बस्तर, बीजापुर, चित्रकोट, अंतागढ़, कोंडागांव, कांकेर, कोंटा, दंतेवाड़ा और जगदलपुर में कांग्रेस के विधायक काबिज है।राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो सत्ता की चाबी बस्तर से ही निकलती है। चुनावी वर्ष में प्रियंका के इस दौरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। विधानसभा में टिकट के दावेदार भीड़ के साथ अपनी-अपनी शक्ति प्रदर्शन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अब कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी के बहाने कांग्रेस भी यहां अपनी एकजुटता दिखाएगी। बस्तर में विधानसभा के चुनावी समर का भाजपा पहले ही शंखनाद कर चुकी है। फरवरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नारायणपुर और मार्च में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जगदलपुर में लोगों को संबोधित कर चुके हैं। बस्तर संभाग पूरी तरह से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है।
प्रियंका गांधी वाड्रा 13 अप्रैल को पहली बार यहां आ रही हैं। वे यहां मातृशक्ति सम्मेलन में सात जिलों की महिलाओं को संबोधित करेंगी। इस कार्यक्रम को कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। प्रियंका गांधी की आम सभा जगदलपुर शहर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में होगी. मोहन मरकाम का कहना है कि प्रियंका गांधी की आम सभा में एक लाख से ज्यादा लोगों को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है. आयोजन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस अभी से पूरी ताकत झोंक रही है। महिला सम्मेलन में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य आदिवासियों और बस्तर से नेहरू गांधी परिवार के संबंधों के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी देना है।