रायपुर में रथयात्रा महोत्सव की धूम: भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
रास्ते में झाड़ू लगाकर सीएम और राज्यपाल ने निभाई रस्म
राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में भव्य रथयात्रा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक 'छेरा-पहरा' की रस्म निभाई। राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पारंपरिक रीति से सोने की झाड़ू द्वारा छेरा-पहरा की रस्म निभाकर रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके पश्चात महाप्रभु की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक रथ पर विराजित किया गया और रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, लोकपरंपरा और जन-जन की आस्था का महापर्व है। यह उत्सव समाज को सेवा, समर्पण, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य और अन्नदाता के रक्षक माने जाते हैं। उनकी कृपा से समय पर वर्षा होती है, खेतों में हरियाली आती है, धान की बालियों में दूध भरता है और किसानों के घरों में समृद्धि का आगमन होता है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की कि इस वर्ष प्रदेश में भरपूर वर्षा हो, कृषि समृद्ध हो, किसानों की मेहनत सफल हो और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास एवं खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
रथयात्रा महोत्सव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
