छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से लोगों को सताई चिंता
छत्तीसगढ़ में मई महीने की पहली तारीख होटल मालिकों के लिए महंगाई का झटका लाई है. छत्तीसगढ़ में एक मई से कमर्शियल सिलेंडर के पैसे बढ़ाए गए हैं. कीमतों में ₹993 की भारी बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. इसका असर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में दिखाई देने लगा है. कई लोगों ने बताया कि गैस महंगी होने की वजह से लोगों का होटलों में खाना मुश्किल हो जाएगा.
होटल में खाना खाने पहुंचे लोगों ने गैस के दाम बढ़ने पर कहा कि एकदम से दाम बढ़े हैं. होटलों का खाना महंगा होगा, तो हमारी जेब पर भी असर पड़ेगा. महंगाई के कारण बाहर खाना कम हो गया है, अब और दिक्कत आएगी. वहीं ट्रेवलर, छात्र, कामकाजी लोगों ने भी कहा कि खाने के लिए हम होटल पर निर्भर होते हैं. गैस के दाम बढ़ने से महंगाई की मार अब सब पर पड़ती नजर आ रही.
गैस के रेट बढ़ने से होटल कारोबारी परेशान
होटल कारोबारी ने कहा कि एक दिन पहले कमर्शियल सिलेंडर 2300 में खरीदे थे. आज से 3300 रुपए में खरीद रहे हैं. एकदम से दाम बढ़ने से व्यापार में असर होगा. स्थिति को देखते हुए क्वालिटी से कॉम्प्रोमाइज तो नहीं कर सकते, थालियों के दाम बढ़ेंगे.
19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में की गई बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत तीन हजार रुपए के आंकड़े को पार कर गई है. यह पिछले कई सालों में बढ़ाए गए सबसे ज्यादा पैसे हैं. इसका होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर असर पड़ना बिल्कुल लाजिमी है.
