आम की छांव में सीएम साय की चौपाल, ग्रामीणों से लिया सरकारी योजनाओं का फीडबैक
प्रदेश में 1 मई से सुशासन तिहार की शुरुआत हो चुकी है. सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के शांतिपारा गांव पहुंचे. जहां उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया.
रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीकॉप्टर बतौली के शांतिपारा स्कूल मैदान में उतरा यहां आम पेड़ के नीचे जन चौपाल लगाई गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे हुए थे. मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की बातें सुनी और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को सीधे जनता तक पहुंचाना है. सुशासन तिहार 40 दिनों तक चलेगा, हम गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और तत्काल समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं.
लखपति दीदियों ने साझा किए अनुभव
जनचौपाल में लखपति दीदी महिमा एक्का ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे बिहान स्वसहायता समूह से 2019 से जुड़ी हुई हैं. समूह से 60 हजार का लोन लिया था, जिससे गांव में ही एक छोटा फूडकोर्ट शुरू किया, आज उस फूडकोर्ट के जरिए अच्छी इनकम हो रही है. सालाना आय 2 से 2.5 लाख रुपए है.मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया.
वहीं लखपति दीदी संगीता तिर्की ने मुख्यमंत्री को बताया कि मैंने लोन लेकर पोल्ट्री फार्म खोला है, 2 लाख रुपए तक वार्षिक आय हो जाता है. मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इसी तरह मेहनत करें आगे बढ़ें और करोड़पति बनें.
अर्चना तिग्गा ने बताया कि उनके पास खेती के लिए भूमि थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नही थी. समूह से जुड़कर मैंने लोन लिया और सीजनल खेती करना शुरू किया.अभी एक एकड़ में मैंने खीरा लगाया है, जिससे अच्छी आमदनी हो रही है. फिलहाल, सुशासन तिहार के जरिए सरकार आम लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का दावा कर रही है, देखना होगा कि शिकायत आवेदनों पर सुशासन तिहार के बाद कितनों का निराकरण होता है और यह पहल जमीनी स्तर पर कितनी कारगर साबित होती है.
