जिले के 2140 आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यौता भोज का आयोजन - CGKIRAN

जिले के 2140 आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यौता भोज का आयोजन


कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के 2140 आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरूवार को न्यौता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न गांवों में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बच्चों के साथ भोजन किया, साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

कांकेर विकासखण्ड के ग्राम बेवरती के आंगनबाड़ी केन्द्र में भी न्यौताभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें  विधायक श्री आशाराम नेताम भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों को भोजन परोसा और स्वाद भी चखा। न्यौता भोज कार्यक्रम के दौरान विधायक आशाराम नेताम ने बच्चों के पालको और बच्चो से पढ़ाई, खेलकूद और भोजन की गुणवत्ता को लेकर बातचीत की। उन्होंने छोटे बच्चों से आत्मीयता के साथ बात करते हुए उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी आने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंनेे कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण देने का माध्यम नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला भी है। यहां बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। विधायक श्री नेताम ने न्यौता भोज के मध्यम से नागरिकों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने इस परंपरा को समाज से जोड़ने तथा आगामी पीढ़ी को संस्कारवार बनाने का मध्यम भी बताया।

आंगनबाड़ी केंद्र के स्टाफ ने विधायक श्री नेताम को केंद्र में संचालित योजनाओं और बच्चों के उपस्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि शासन की योजनाओं के तहत बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी वे बेहतर कार्य कर रही हैं और बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आंगनबाड़ी में पाँच बच्चों के अन्नप्रासन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

न्यौता भोज में ग्रामीणों और अभिभावकों की सहभागिता भी देखने को मिली। महिलाओं ने भोजन बनाने और परोसने में सहयोग किया। कार्यक्रम में खिचड़ी, दाल, चावल, सब्जी और पौष्टिक व्यंजन बच्चों को परोसे गए। बच्चों ने भी उत्साह के साथ भोजन किया और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर डीपीओ विपिन जैन एवं सरपंच विष्णु नेताम स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला समूह की सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जिलेभर में आयोजित इस न्यौता भोज कार्यक्रम से बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक सहभागिता और बच्चों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक प्रयास बताया। न्यौता भोज कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करना तथा बच्चों के पोषण और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।  

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads