राजधानी रायपुर में गुरुवार को पेट्रोल और डीजल के लिए भारी किल्लत, जिसके चलते 15 से अधिक पंप 'नो स्टॉक' - CGKIRAN

राजधानी रायपुर में गुरुवार को पेट्रोल और डीजल के लिए भारी किल्लत, जिसके चलते 15 से अधिक पंप 'नो स्टॉक'


राजधानी के पेट्रोल पंपों पर गुरुवार सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। लोग सुबह होते ही पेट्रोल और डीजल भरवाने पंपों पर पहुंचने लगे। रायपुर के शास्त्री चौक, संतोषी नगर, मेकाहारा के सामने सहित करीब 15 से अधिक पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं रहा। वहीं टिकरापारा, भाठागांव और रिंग रोड स्थित जिन पंपों में तेल उपलब्ध है, वहां वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इस मामले में पेट्रोल संगठन के अध्यक्ष अखिल धगत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा तेल भरवाने और स्टॉक करने में जुट गए हैं, जिसके कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है। पिछले वर्ष मई महीने में जिन कंपनियों को जितना पेट्रोल और डीजल दिया गया था, इस वर्ष भी उतनी ही मात्रा उपलब्ध कराई जा रही है। कुछ पंपों पर डीजल की कमी इसलिए हुई है क्योंकि वहां निर्धारित सीमा से अधिक बिक्री की गई है। हालांकि पेट्रोल की कोई विशेष कमी नहीं है।

पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा कारों में अधिकतम 1000 रुपये और बाइक में 400 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। लोगों की बढ़ती भीड़ और पैनिक बाइंग को देखते हुए पंप संचालकों ने पेट्रोल और डीजल वितरण की सीमा तय कर दी है। निर्धारित पैमाने के अनुसार ही वाहनों में तेल भरा जा रहा है।

इंडस्ट्री को डीजल बिक्री की आशंका के चलते तय किया गया पैमाना

ऑयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि डीजल वितरण की सीमा कंपनियों द्वारा तय की गई है। कंपनियों को आशंका है कि कुछ पेट्रोल पंपों से इंडस्ट्री को डीजल बेचा जा रहा है। पहले इंडस्ट्री को सीधे पेट्रोलियम कंपनियों से डीजल मिलता था, लेकिन कमर्शियल डीजल की कीमत 155 से 156 रुपये प्रति लीटर होने के बाद अब इंडस्ट्री सीधे पंप संचालकों से डीजल खरीद रही हैं। इसके चलते जिन पंपों ने बल्क में डीजल बेच दिया है, उन्हें दोबारा डीजल मिलने में परेशानी हो रही है। कंपनियां पिछले वर्ष मई महीने के अनुपात में ही इस बार भी तेल उपलब्ध करा रही हैं।

रायपुर पहुंच रही दुर्ग-भिलाई की गाड़ियां

पेट्रोल पंपों पर स्टॉक की कमी के कारण रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में दुर्ग और भिलाई से बड़ी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं। खारुन नदी के उस पार पाटन क्षेत्र की कई गाड़ियां भी भाठागांव और रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि पाटन और भिलाई क्षेत्र के कई पेट्रोल पंप खाली हो चुके हैं।

शाम तक पंपों में पहुंचेगा तेल

राजधानी के पेट्रोल पंपों पर शाम तक तेल के टैंकर पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इंडियन ऑयल डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वाशु मखीजा ने कहा कि डिपो में पंपों की गाड़ियां भर रही हैं और शाम तक बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल पंपों तक पहुंच जाएगा।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads