रायपुर में टैक्स जमा करने का रिकॉर्ड: एक दिन में 8.17 करोड़ की वसूली, निगम की सख्ती का दिखा असर
रायपुर में वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन संपत्ति कर जमा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर निगम के सभी 10 जोनों के राजस्व कार्यालयों में सुबह से देर रात तक टैक्स जमा करने का सिलसिला जारी रहा। खास बात यह रही कि महावीर जयंती के अवकाश के बावजूद नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे और अपने बकाया का भुगतान किया। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कुल 7912 करदाताओं ने करीब 8.17 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया। इस दौरान जोन-2 की टीम सबसे आगे रही और अन्य जोनों की तुलना में 3 करोड़ रुपये अधिक वसूली दर्ज की। वहीं जोन-5 ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए करीब 2.75 करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूली की। जोन-4 ने भी 2.06 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली कर मजबूत योगदान दिया।
नगर निगम प्रशासन की सख्ती का भी इस रिकॉर्ड वसूली में बड़ा असर देखने को मिला। दिनभर अलग-अलग वार्डों में बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। दुकानों को सील करने और घरों में बकाया कर न चुकाने वालों के नल कनेक्शन काटने जैसी सख्त कदम उठाए गए, जिससे लोगों ने तुरंत टैक्स जमा करना शुरू किया। इसी प्रकार नगर निगम जोन 5 राजस्व विभाग की टीम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व और जोन सहायक राजस्व अधिकारी प्रमोद जाधव के मार्गदर्शन में कुल वसूली से पौने तीन करोड़ रूपये आगे रही. इस पर नगर निगम जोन 5 राजस्व विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अत्यंत प्रसन्न हुए. इसी तरह जोन 4 राजस्व विभाग टीम कुल वसूली से 2 करोड़ 6 लाख रूपये आगे रही.
जोन 2,4,10 राजस्व विभाग की टीमों ने जोन कमिश्नरों की अगुवाई में एक -एक करोड़ रूपये से अधिक की राजस्व वसूली रायपुर नगर निगम के लिए की. यहां यह उल्लेखनीय है कि आज 31 मार्च 2026 को नगर निगम के सभी जोनों के राजस्व विभाग की टीमों द्वारा वार्डो में नगर निगम राजस्व विभाग को बकाया राशि अदा नहीं करने वाले दुकानदारों के सम्बंधित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को तत्काल सीलबंद करने की नियमानुसार कड़ी कार्रवाई और घरों में बकाया राजस्व अदा नहीं करने पर सम्बंधित रहवासी नागरिकों के नल विच्छेद की कड़ी कार्रवाई सभी जोनों में राजस्व विभाग द्वारा आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नरों की अगुवाई और अभियंताओं, जोन सहायक राजस्व अधिकारियों सहित राजस्व कर्मचारियों द्वारा सुबह से रात्रि तक लगातार जारी रही.
