समाधान और जनकल्याण का सशक्त मंच बन रहा सुशासन तिहार - CGKIRAN

समाधान और जनकल्याण का सशक्त मंच बन रहा सुशासन तिहार


जनपद पंचायत रायगढ़ के भगोरा क्लस्टर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए समाधान और जनकल्याण का प्रभावी मंच बनकर उभरा। 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 675 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सुशासन की परिकल्पना एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें राहत पहुंचाने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था। शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा लोगों की समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

 शिविर केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ वितरण का भी केंद्र बना। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत श्रीमती रतनी राठिया एवं श्रीमती सुखमति राठिया को डबरी निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि मकरध्वज को जॉब कार्ड वितरित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन दिव्यांग हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। खाद्य विभाग के माध्यम से पांच हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबी सौंपी गई। वहीं दो हितग्राहियों को सामाजिक पेंशन स्वीकृति तथा सात हितग्राहियों को श्रम कार्ड प्रदान किए गए।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तिलगा, टारपाली एवं संबलपुरी के पांच विद्यार्थियों तथा हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संबलपुरी, तिलगा, टारपाली एवं सपनई के सात विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सात ग्राम पंचायतों को पेयजल गुणवत्ता की जांच हेतु फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड तथा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सेवाओं का लाभ उठाया। गर्मी को देखते हुए छाया, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। आवेदकों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों के पृथक काउंटर स्थापित किए गए, जिससे लोग सरल एवं व्यवस्थित ढंग से आवेदन प्रस्तुत कर सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का त्वरित समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी लेने तथा पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

शिविर में किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, उन्नत किस्म के बीजों के उपयोग तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रामश्याम डनसेना, जनपद सदस्य श्रीमती फूलमती धनवार, श्रीमती अनिता राठिया, श्रीमती रूपा सिदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads