SCR से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और निवेश, व्यवस्थित विकास और बेहतर सेवाओं पर फोकस
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर स्थित कार्यालय में स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) की पहली बैठक आयोजित की गई. बैठक में राजधानी क्षेत्र के समग्र, संतुलित और योजनाबद्ध विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए रायपुर और आसपास के शहरों का सुव्यवस्थित विस्तार समय की आवश्यकता है. मुख्यमंत्री साय ने बताया कि स्टेट कैपिटल रीजन की अवधारणा का उद्देश्य राजधानी क्षेत्र में व्यवस्थित आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, व्यापार‑वाणिज्य, और रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है. उन्होंने कहा कि पहली बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही और हुई चर्चा के सकारात्मक परिणाम जल्द दिखाई देंगे. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयसीमा और नियत योजना के अनुसार पूरे हों तथा प्रगति की नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा सुनिश्चित की जाए. बैठक में बताया गया कि SCR में रायपुर, दुर्ग‑भिलाई, नवा रायपुर अटल नगर और आसपास के शहरी क्षेत्र शामिल होंगे. इसे मेट्रो शहरों की तर्ज पर विकसित करना लक्ष्य है, जो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का नया ग्रोथ इंजन बनेगा. बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि भौगोलिक रूप से देश के मध्य में स्थित छत्तीसगढ़ व्यापार और उद्योग का प्रमुख केंद्र बन रहा है. SCR के विकास से राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में योजनाबद्ध शहरी विस्तार, बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी, आधुनिक बुनियादी ढांचा और निवेश के नए अवसर तेजी से उपलब्ध होंगे.
मोबिलिटी, लॉजिस्टिक्स और मेट्रो संचालन पर भी चर्चा
बैठक में राजधानी क्षेत्र में क्षेत्रीय मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स के विकास, भविष्य में मेट्रो संचालन की संभावनाओं पर टेक्नो‑इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी, सर्वेक्षण कार्यों की रूपरेखा और इनके लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति पर चर्चा की गई. इसके अलावा प्राधिकरण के लिए प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन, ऑडिट सेवाओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट नियुक्त करने तथा प्लानिंग प्रभाग के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के प्रस्तावों पर भी विचार हुआ.
निवेश योजना, भूमि विकास और परियोजनाओं की रणनीति
बैठक में राजधानी क्षेत्र के लिए एक विकास एवं निवेश योजना तैयार करने की कार्ययोजना पर सहमति बनी. इसके तहत निवेश क्षेत्रों का चिन्हांकन, आवश्यक सर्वेक्षण, अनुसंधान व अध्ययन और परियोजनाओं के चरणबद्ध क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाएगी. साथ ही SCR क्षेत्र में भूमि विकास और आबंटन प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश भी दिए गए. बैठक में प्रारंभिक गतिविधियों के लिए 27 करोड़ रुपये की मंजूरी से भी अवगत कराया गया. बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
