अब सड़क दुर्घटनाओं में मददगार बनेंगे राहवीर , घायल व्यक्ति को ₹1.5 लाख तक का उपचार पूरी तरह मुफ्त - CGKIRAN

अब सड़क दुर्घटनाओं में मददगार बनेंगे राहवीर , घायल व्यक्ति को ₹1.5 लाख तक का उपचार पूरी तरह मुफ्त


छत्तीसगढ़ में हर साल सैकड़ों लोग सड़क हादसे का शिकार होते हैं. सड़क हादसे की स्थिति में सबसे बड़ी समस्या हादसे के शिकार लोगों को मदद पहुंचाने में देखी जाती है. लोग डर की वजह से हादसे के शिकार लोगों को सही समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाते हैं जिससे उनकी मौत हो जाती है. अब इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. अब सड़क दुर्घटनाओं में मददगार राहवीर बनेंगे. सरकार उन्हें सम्मान के तौर पर 25 हजार रुपये की राशि देगी.

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया राहवीर योजना का मकसद

इस योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन ऑवर’ यानी दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, वहीं घायल को डेढ़ लाख रुपये तक का उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.इस योजना को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़गवां में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों से आगे आकर ‘राहवीर’ बनने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे महत्वपूर्ण समय पहला एक घंटा होता है. यदि इस दौरान घायल को अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पहले लोग मानवीय आधार पर मदद करने से इसलिए कतराते थे क्योंकि उन्हें पुलिस पूछताछ और कानूनी प्रक्रियाओं का डर रहता था. कई मामलों में मददगारों को अनावश्यक रूप से थाने के चक्कर लगाने पड़ते थे.

अब सरकार ने स्पष्ट प्रावधान किया है कि घायल को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से पुलिस कोई अनावश्यक पूछताछ नहीं करेगी. अब किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है. सरकार मददगार नागरिकों को सुरक्षा और सम्मान दोनों देगी- श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़

राहवीर योजना की मुख्य विशेषताएं जानिए

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले को ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि

घायल व्यक्ति को ₹1.5 लाख तक का उपचार पूरी तरह मुफ्त

सरकारी, निजी एवं सरकारी उपक्रमों के अस्पतालों में योजना लागू

बिना किसी औपचारिकता के तत्काल भर्ती और इलाज शुरू

मदद करने वाले से पुलिस की अनावश्यक पूछताछ नहीं

मैं स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते प्रदेश के हर नागरिक के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार हूं. यह योजना सीधे तौर पर जीवन रक्षा से जुड़ी है. यदि समाज का हर व्यक्ति जागरूक हो जाए तो कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं- श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़

राहवीर योजना से मानवता को मिलेगी मजबूती- श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मानवता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल को असहाय छोड़ने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करें. सरकार ऐसे मददगारों को ‘राहवीर’ के रूप में सम्मानित करेगी.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads