दुर्ग–रायपुर खारून ब्रिज 1 महीने बंद, भारी जाम से बचने के लिए प्रशासन ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग
दुर्ग और रायपुर के बीच रोजाना लाखों वाहन गुजरते हैं और इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. 1 अप्रैल 2026 से खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है, जिसके कारण यह पुल पूरे एक महीने तक बंद रहेगा. इस दौरान ब्रिज पर ट्रैफिक वन‑वे पद्धति से चलेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जरूरी यात्राओं के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें. राष्ट्रीय राजमार्ग NH‑53 पर स्थित कुम्हारी टोल के पास खारून नदी ब्रिज दुर्ग और रायपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है. हर दिन लगभग डेढ़ लाख वाहन इस पुल से गुजरते हैं. मरम्मत के चलते दोनों ओर लंबी कतारें और जाम लगने की आशंका है. इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर कमिश्नरेट ट्रैफिक के अधिकारी, NHAI टीम, और थाना प्रभारियों ने मरम्मत स्थल व डायवर्जन रूट का निरीक्षण किया. वैकल्पिक मार्ग जारी किया है।
मंत्रालय जाने वालों के लिए राहत मार्ग
रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन चालकों को सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। इससे खारून ब्रिज पर लगने वाले जाम से पूरी तरह बचा जा सकता है। इसी तरह, दुर्ग-भिलाई, रिसाली और उतई से रायपुर जाने वाले वाहन चालक सेलूद-फुंडा-जामगांव, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग भी बेहतर विकल्प बताया गया है।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से मुख्य मार्ग पर प्रवेश न करें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने से जाम से राहत मिल सकेगी और यात्रा सुगम होगी।
भारी वाहन के लिए अलग व्यवस्था
भारी व मध्यम वाहन: दुर्ग से रायपुर जाने वाले वाहन कुम्हारी टोल के बाद दाहिने पुल से खारून ब्रिज पार करेंगे।
कार और दोपहिया: दोनों दिशाओं में चलने वाले हल्के वाहन ग्राम चंदनीडीह से पुराने पुल (रपटा) का उपयोग करेंगे।
वन‑वे मार्ग पर सावधानियां
चन्दनीडीह से कुम्हारी टोल प्लाजा और इसके विपरीत दिशा में वन‑वे ट्रैफिक ही चलेगा। ओवरटेक बिल्कुल न करें, क्योंकि पुल सिंगल लेन है। यातायात संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन अनिवार्य है।
अन्य प्रमुख डायवर्जन मार्ग
कुम्हारी से रायपुर जाने वाले वाहन उरला-खमरिया-अमलेश्वर मार्ग अपनाएं।
कुम्हारी टोल से चंदनीडीह तक वन-वे व्यवस्था लागू की गई है।
रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहन चंदनीडीह से पुराने पुल के जरिए कुम्हारी टोल पहुंचेंगे।
भटगांव-अमलेश्वर-मोतीपुर मार्ग से भी दुर्ग-भिलाई की ओर आवागमन किया जा सकता है।
