छत्तीसगढ़ धान खरीदी: 5 और 6 फरवरी को किसान बेच सकेंगे धान
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खबर है. एमएसपी पर धान बेचने वाले किसान, जो 31 जनवरी तक धान नहीं बेच पाए हैं वो 5 और 6 फरवरी को धान खरीदी केंद्र पर जाकर बेच सकेंगे. सीएम विष्णु देव साय ने किसानों के हित में निर्देश दिए हैं. छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी है. दरअसल, प्रदेश के उन किसानों को दो दिन का अतिरिक्त समय मिला है, जो 31 जनवरी 2026 तक धान नहीं बेच पाए हैं. ये किसान एमएसपी पर 5 फरवरी और 6 फरवरी को धान बेच सकेंगे. किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सीएम विष्णु देव साय ने बारदाना और हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.
राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित एवं सुचारु विक्रय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
धान खरीदी के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय
दरअसल, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत दी गई. इसके अंतर्गत तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिए गए हैं. अधिकारियों को इन किसानों से 5 और 6 फरवरी 2026 को धान खरीदी की अनुमति दी गई है.
ये किसान बेच सकेंगे धान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार तीन प्रकार के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे. जो हैं-
ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया गया, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया है.ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया गया और सत्यापन के बाद उनके पास धान पाया गया है.ऐसे किसान, जिन्हें 28 जनवरी 2026, 29 जनवरी 2026 और 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वो निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे.
