20 फरवरी से शुरू होंगे 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा एग्जाम, 5.67 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 20 फरवरी से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली है. 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. मंडल द्वारा परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. और इस वर्ष प्रदेशभर में कुल 2,514 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. बोर्ड के अनुसार इस बार परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी: पुष्पा साहू, सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल, छत्तीसगढ़
पिछले वर्ष की तुलना में घटे परीक्षा केंद्र
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 2,514 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी, जबकि पिछले सत्र में 2,535 केंद्र बनाए गए थे. इस तरह इस बार 21 परीक्षा केंद्रों की संख्या घटाई गई है. बोर्ड अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय परीक्षार्थियों की संख्या, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि परीक्षा संचालन अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सके.
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी सूची के अनुसार इस सत्र में 42 विद्यालयों को परीक्षा केंद्रों की सूची से बाहर कर दिया गया है. ये वे विद्यालय हैं जहां पिछले सत्र में परीक्षार्थियों की संख्या कम पाई गई थी. इसके अलावा कुछ निजी स्कूलों को भी केंद्र सूची से बाहर रखा गया है. बोर्ड का कहना है कि कम छात्र संख्या वाले केंद्रों पर परीक्षा कराना व्यावहारिक नहीं होता, इसलिए यह फैसला लिया गया है.
शासकीय स्कूलों को प्राथमिकता
इस वर्ष भी बोर्ड की प्राथमिकता अधिक से अधिक शासकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की रही है. अधिकारियों का कहना है कि शासकीय स्कूलों में प्रशासनिक नियंत्रण बेहतर रहता है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, अनुशासन और निगरानी बनाए रखना आसान होता है. इसी कारण निजी विद्यालयों की तुलना में शासकीय स्कूलों को प्राथमिकता दी गई है.
हाई स्कूल परीक्षा में 3.21 लाख से अधिक छात्र
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू के अनुसार इस बार वर्ष 2026 की हाईस्कूल यानी 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 3 लाख 21 हजार 571 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इन परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 2,510 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 6,836 स्कूलों के विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिलों से सबसे अधिक परीक्षार्थी शामिल होने की संभावना है.
हायर सेकेंडरी परीक्षा में 2.45 लाख से अधिक परीक्षार्थी
वही हायर सेकेंडरी यानी 12वीं बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष कुल 2 लाख 45 हजार 859 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे. इसके लिए 2,396 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और 4,231 स्कूलों के विद्यार्थी परीक्षा देंगे. इस तरह 10वीं और 12वीं मिलाकर कुल 5.67 लाख से अधिक छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे.
नकल रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने का दावा किया है. सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक और विशेष उड़नदस्तों की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी.
