न बना आयुष्मान, न राशन कार्ड में नाम सुधरा हड़ताल पर रायपुर नगर निगम कर्मचारी - CGKIRAN

न बना आयुष्मान, न राशन कार्ड में नाम सुधरा हड़ताल पर रायपुर नगर निगम कर्मचारी


प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ-साथ नगर निगम के नियमित कर्मचारियों की एक दिन की हड़ताल की वजह से  कामकाज पूरी तरह से प्रभावित रहा। वहीं, दिनभर नगर निगम कार्यालय में अपने काम को लेकर वहां आम लोगों का आना-जाना लगा रहा। मगर, किसी का काम नहीं हुआ।  निगम में 31 दिसंबर से पहले टैक्स चुकाने पर छह प्रतिशत की छूट मिल रही है। इसकी वजह से बड़ी संख्या में लोग नगर निगम के ऑफिस पहुंचे। मगर, वहां जाकर पता चला कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मामले में नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त योगेश अग्रवाल ने कहा गुरुवार से सभी कर्मचारी कामकाज में वापस लौट रहे हैं।

न ही किसी का राशन कार्ड बन पाया और न ही आयुष्मान कार्ड। वहीं, टैक्स जमा करने के काउंटर भी बंद रहे। कार्यालय में मौजूद सुरक्षाकर्मी और चपरासी काम कराने पहुंचे नागरिकों को हड़ताल की जानकारी देकर वापस लौटाते दिखे। कर्मचारियों की हड़ताल से लोगों में भी आक्रोश दिखा।

नगर निगम पहुंचे कुछ नागरिकों का कहना था कि एक तो सप्ताह में पांच दिन ही सरकारी कार्यालय खुलते हैं, उसमें भी कभी हड़ताल तो कभी छुट्टी की वजह से उनका दो दिन का काम दस दिन में भी नहीं हो पा रहा है। बता दें कि निगम में 31 दिसंबर से पहले टैक्स चुकाने पर छह प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग टैक्स पटाने निगम दफ्तर पहुंच रहे हैं।

नगर निगम के नियमित कर्मचारी एक दिन की हड़ताल पर गए थे। सभी कर्मचारी गुरुवार से कामकाज पर वापस से लौट रहे हैं। आगामी कार्य दिवस से सभी नागरिकों का पूर्व की तरह कामकाज होगा। - योगेश अग्रवाल, अपर आयुक्त, नगर निगम, रायपुर

नहीं सुधरा राशन कार्ड में नाम

अमलीडीह के रहने वाले दामन लाल मंगलवार को नगर निगम के जोन-10 कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में उनका नाम गलत लिखा है, जिसे वे सुधरवाना चाहते हैं। इसके लिए जोन कार्यालय आए थे, लेकिन कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि कामकाज नहीं होगा। सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा, सरकारी कर्मचारियों के साथ आए दिन की यह समस्या है।

नहीं बना आयुष्मान कार्ड

गांधी नगर की रहने वाली आशाबाई धृतलहरे आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लंबे समय से परेशान हैं। मंगलवार को जोन कार्यालय में वे आयुष्मान कार्ड बनवाने पहुंचीं थीं, लेकिन हड़ताल की वजह से उनका काम नहीं हुआ। कहा कि वे घर का कामकाज छोड़कर बड़ी मुश्किल से जोन कार्यालय पहुंचती हैं, लेकिन बिना काम हुए उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। कुछ न कुछ कमी की वजह से उन्हें लौटा दिया जाता है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads