छत्‍तीसगढ़ राज्योत्सव इस बार चार नवंबर से मनाया जाएगा - CGKIRAN

छत्‍तीसगढ़ राज्योत्सव इस बार चार नवंबर से मनाया जाएगा


छत्तीसगढ़ सरकार ने दीवाली पर्व की वजह से राज्योत्सव का मुख्य आयोजन इस बार चार से छह नवंबर तक करने का निर्णय लिया है।  नवा रायपुर में मेला स्थल पर राज्य स्तरीय राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन एक साथ आयोजित होगा। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। नवा रायपुर में राज्य स्तरीय उत्सव और राज्य अलंकरण समारोह एक साथ आयोजित होंगे। संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. ने बताया कि यह समारोह 4 नवंबर 2024 को शुरू होगा और 6 नवंबर को समाप्त होगा।

संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी.ने बताया कि राज्य स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मेला स्थल में चार नवंबर 2024 को होगा। जिसका समापन छह नवंबर 2024 को होगा। अंतिम दिवस समापन समारोह के दिन राज्य अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

मेला स्थल की व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल का ले-आउट और स्टाल आवंटन एनआरडीए और सीएसआइडीसी द्वारा किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा शिल्पग्राम, वनोपज, हर्बल उत्पादों और सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। राज्य अलंकरण समारोह के लिए संबंधित विभागों से पुरस्कार की सूची, चयनित व्यक्तियों का परिचय और सम्मान राशि की जानकारी मांगी गई है। यह जानकारी समय-सीमा में संस्कृति विभाग को दी जाएगी।

मेला स्थल पर पेय जल, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एनआरडीए, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और नगर निगम रायपुर को दी गई है। आयोजन स्थल पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था ऊर्जा विभाग और एनआरडीए द्वारा की जाएगी। जिला मुख्यालयों में पांच नवंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads