दुर्ग से विशाखापट्नम चलेगी छत्तीसगढ़ की दूसरी वंदे भारत ट्रेन
दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जल्द ही शुरू होने वाली है. इसके लिए रेलवे ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सूत्रों की माने तो आने वाले सप्ताह में ट्रेन का रैक दुर्ग पहुंचेगा.इसके बाद पहला ट्रायल रन 12 से 15 सितंबर के आसपास होगा. यह ट्रेन मात्र 8.30 घंटे में दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच 565 किमी का सफर तय करेगी. इस ट्रेन के शुरू होने से छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी लोकसभा चुनाव से पहले शुरू हो गई थी.लेकिन किसी कारणवश तब इस ट्रेन को पटरी पर नहीं लाया जा सका.अब एक बार फिर नए सिरे से रेलवे ने कवायद तेज कर दी है. यह ट्रेन दुर्ग से रायपुर, खरियार रोड, टिटिलागढ़ और विजयनगरम होते हुए विशाखापट्टनम पहुंचेगी.रायपुर रेल मंडल ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है.रेलवे बोर्ड से नोटिफिकेशन आते ही ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा.
आपको बता दें कि अभी बिलासपुर से नागपुर के बीच वंदे भारत का परिचालन हो रहा है.छत्तीसगढ़ की यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी.रेलवे सूत्रों के मुताबिक देश भर में 10 अलग-अलग स्थानों से वंदे भारत चलेगी. उसमें एक छत्तीसगढ़ को मिलने जा रही है. दुर्ग से शुरू होने वाली इस नई वंदे भारत ट्रेन का छत्तीसगढ़ में रायपुर, महासमुंद, ओडिशा में खरियार रोड, टिटिलागढ़, रायगढ़ा और आंध्रप्रदेश के विजयनगरम में स्टॉपेज होगा.
