समाधान तुहर दुआर: बघेल की टीम पहुंचेगी गांव-गांव, मिनटों में सॉल्व करेगी जनता की परेशानी
इस कार्यक्रम के तहत शासकीय योजनाओं से जुड़ी मांगों एवं समस्याओं के मैदानी स्तर पर तीव्र गति से निराकरण के लिये जिले के सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 13 फरवरी 2023 से समाधान तुंहर द्वार विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है.
लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने 13 फरवरी से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में’समाधान तुंहर द्वार शिविर लगाया जाएगा। इसमें जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहकर लोगो की मांगों व समस्याओं का निराकरण करेंगे। जनता को अपने काम के सिलसिले में दफ्तरों के चक्कर लगाने से निजात दिलाने व उनके समस्याओं का पड़ताल कर मौके पर इसका निराकरण सुनिश्चित करने यह शिविर लगाया जा रहा है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक मेें शिविर की तैयारी की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि शिविर सुबह 10 से दोपहर 3ः30 बजे तक लगेगा। इसके लिए पंजी भी संधारित की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि शिविर में जनता से शिक्षा, कृषि, खाद्य, पंचायत व ग्रामीण विकास, बिजली, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि सभी विभागों से संबंधित आवेदन लेकर मौके पर निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
खाद्य, बीज का वितरण, राशन कार्ड, जाति प्रमाणपत्र बनाने व पेंशन प्रकरण, मनरेगा जाॅब कार्ड, आरबीसी 6/4 के प्रकरण आदि से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।
