अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम' से चंद मिनटों में मिल रहा पूरा अनाज, राशन दुकानदारों की मनमानी खत्म
न्यायधानी में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू हुए अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम से राशन वितरण ने रफ्तार पकड़ ली है। उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401001163 में महज तीन मुख्य दिनों के भीतर 521 से अधिक राशनकार्डधारियों ने अत्याधुनिक मशीन से बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के अपना निर्धारित कोटा प्राप्त किया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता का असर अब धरातल पर साफ दिखने लगा है। सितंबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, उचित मूल्य दुकान आईडी 401001163 में 8 से 10 सितंबर के बीच रिकार्ड 521 कार्डधारकों ने खाद्यान्न की निकासी की। आंकड़ों के मुताबिक, उपभोक्ताओं को कुल 11,914 किलो फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलो सीजी चावल का सफल वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त 392 किलो शक्कर और 431 किलो नमक भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचा। कार्ड स्वाइप और बायोमेट्रिक सत्यापन के तुरंत बाद सटीक वजन में अनाज निकलने से राशन दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों और समय की बर्बादी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मशीन के संचालन से न केवल सर्वर व तौल संबंधी विवाद खत्म हुए हैं, बल्कि कार्डधारक अपनी सुविधानुसार चंद मिनटों में अनाज प्राप्त कर संतुष्टि जाहिर कर रहे हैं।
सितंबर माह के पांच दिनों में उचित मूल्य दुकान के माध्यम से कुल 17,101 किलोग्राम चावल का वितरण ग्रेन एटीएम से किया गया। इसमें 11,914 किलो पौष्टिक फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलो सीजी चावल शामिल है। तकनीकी दक्षता के चलते बिना किसी तकनीकी व्यवधान के शत-प्रतिशत सही मात्रा में हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया।\
पारदर्शिता बढ़ी, घटतौली की शिकायत पर लगा अंकुश
ग्रेन एटीएम व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को राशन दुकानों पर होने वाली कम तौल की आशंका से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है। इलेक्ट्रानिक मापदंडों और सीधे मशीन से अनाज गिरने की प्रक्रिया ने कार्डधारकों का भरोसा बढ़ाया है। समय की बचत और सहज प्रक्रिया के कारण शहरी उपभोक्ताओं में इस हाईटेक व्यवस्था को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।