गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज : महादेव घाट के विसर्जन कुंड में प्रतिमाएं होंगी विसर्जित - CGKIRAN

गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज : महादेव घाट के विसर्जन कुंड में प्रतिमाएं होंगी विसर्जित


राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महादेव घाट स्थित खारून नदी के किनारे बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को सुरक्षा, रोशनी, चिकित्सा, यातायात और साफ-सफाई समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, 27 सितंबर को निकलने वाली गणेश झांकी के रूट को लेकर स्थानीय व्यापारियों और प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन पाई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि खारून नदी में सीधे प्रतिमा विसर्जन नहीं होगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और शासन के निर्देशों के तहत पहले पूजन सामग्री अलग कर सुरक्षित स्थान पर रखी जाएगी और प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कुंड में किया जाएगा। नदी और तालाबों में प्रदूषण रोकने के साथ ध्वनि प्रदूषण और यातायात व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जाएगी।

विसर्जन स्थल के लिए निगम ने विशेष समिति बनाई है। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। महादेव घाट पर क्रेन, गोताखोर, मोटर बोट, कंट्रोल रूम, मंच, शामियाना, लाइट, माइक, मजबूत रस्सियां और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी। लाखे नगर चौक पर मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की सुविधा रहेगी।

25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी से विसर्जन कार्य के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी। तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन रोकने के साथ छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी कुंड बनाए जाएंगे। विसर्जन रूट पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सड़क मरम्मत और आवारा मवेशियों को हटाने की भी तैयारी की गई है।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads