मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की फिल्म 'हनुमान अंश' को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा
छत्तीसगढ़ सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म देखने के बाद इसे राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल के सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार उपस्थित रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, हमारी समृद्ध परंपराओं और भगवान हनुमान के आदर्शों से जोड़ने की एक बेहतरीन कोशिश है
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली ऐसी प्रेरणादायी फिल्में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए। फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, विशेषकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा। सनातन संस्कृति पर आधारित फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया है. सिर्फ 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी फिल्म 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है. फिल्म भक्ति, सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना पर आधारित है.
टैक्स फ्री होने से फिल्म को होगा फायदा
सरकार के इस ऐलान के बाद न केवल छत्तीसगढ़ के सिनेमा प्रेमियों बल्कि फिल्म की स्टारकास्ट और निर्माताओं में भी भारी उत्साह है. फिल्म जानकारों का मानना है कि टैक्स फ्री होने से सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक दर्शकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे इस तरह के सांस्कृतिक कंटेंट को बड़ा बढ़ावा मिलेगा.
नीम करौली बाबा पर आधारित है फिल्म हनुमान अंश
फिल्म ‘हनुमान अंश’ भक्ति, रहस्य का एक अनूठा संगम है. यह फिल्म न केवल दर्शकों का मनोरंजन करती है, बल्कि उन्हें अपनी जड़ों और आस्था से जुड़ने का एक नया नजरिया भी देती है. ‘हनुमान अंश’ केवल चमत्कार दिखाने वाली फिल्म नहीं है, बल्कि यह कर्तव्य, सही रास्ता और साहस का संदेश देती है. यही वजह है कि इसे समाज के हर वर्ग, खासकर परिवारों और बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक और देखने योग्य फिल्म माना जा रहा है. यह नीम करौली बाबा पर आधारित है.
