पीएम-जनमन योजना : पक्की छत के नीचे संवर रहा बचपन, नया आंगनबाड़ी भवन से हितग्राहियों को मिल रहा लाभ - CGKIRAN

पीएम-जनमन योजना : पक्की छत के नीचे संवर रहा बचपन, नया आंगनबाड़ी भवन से हितग्राहियों को मिल रहा लाभ


 सेवा और समर्पण भाव के साथ जिले में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बसे हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में पीएम-जनमन योजना विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों और माताओं के जीवन में प्रत्यक्ष बदलाव ला रही है। जनपद पंचायत बलरामपुर की ग्राम पंचायत सरगवां के डुगुपारा में बना नवीन आंगनबाड़ी भवन आज इस समुदाय के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा का सशक्त केंद्र बन गया है।

डुगुपारा में विशेष पिछड़ी जनजाति के 124 लोग निवासरत हैं। कुछ समय पहले तक गांव में छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए उपयुक्त भवन नहीं था, जिससे आंगनबाड़ी की गतिविधियों के संचालन में कठिनाई होती थी। इस जरूरत को प्राथमिकता देते हुए पीएम-जनमन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में यहां पक्के आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया गया।

सुसज्जित भवन मिलने के बाद अब गांव के 27 पात्र हितग्राही नियमित रूप से विभागीय सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 16 बच्चे, 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 6 बच्चे तथा 5 गर्भवती एवं शिशुवती माताएं शामिल हैं। केंद्र में पूरक पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नए भवन ने बच्चों को सीखने, खेलने और रचनात्मक गतिविधियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आकर्षक चित्रों और टीएलएम सामग्री की मदद से बच्चों को खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा दे रही हैं। केंद्र के नियमित संचालन से माताओं में भी संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों की शुरुआती देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

पीएम-जनमन से बना यह भवन केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि विशेष पिछड़ी जनजाति के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत नींव है। सेवा और समर्पण के साथ अंतिम छोर तक पहुंच रही ऐसी सुविधाएं दूरस्थ समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही हैं।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads