बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराएं,कलेक्टर ने अभिभावकों से किया आग्रह - स्कूलों में लगेंगे निःशुल्क कैंप
जिला प्रशासन की पहल पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी विकासखंडों के 79 चयनित स्कूलों में 10 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक निःशुल्क आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों के आधार पंजीयन एवं लंबित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) का कार्य चिप्स के आधार संचालकों के माध्यम से किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि आधार से जुड़ी शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का निर्बाध लाभ लेने के लिए समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक है, इसलिए किसी भी पात्र बच्चे को इस सुविधा से वंचित न रहने दें।
यूआईडीएआई के निर्देशानुसार बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट दो चरणों में होता है-पहला 5 से 15 वर्ष की आयु में तथा दूसरा 15 से 17 वर्ष की आयु में। यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क है, इसके पश्चात 125 रुपये शुल्क देना होगा। जिले में अक्टूबर से अब तक 36 आधार ऑपरेटरों द्वारा 2089 शिविर लगाकर 36 हजार से अधिक बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट किया जा चुका है, जबकि लगभग 4626 प्रकरण शेष हैं, जिन्हें इन शिविरों के माध्यम से पूर्ण किया जाएगा।
शिविर स्थलों पर बिजली, पानी एवं बैठक व्यवस्था सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रमुखों को सौंपी गई है, वहीं संबंधित प्राचार्यों, नोडल शिक्षकों एवं संकुल समन्वयकों को अनुश्रवण, पर्यवेक्षण तथा शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिन बच्चों का अपडेट शेष है, वे स्कूल में लगने वाले शिविर अथवा नजदीकी आधार सेवा केंद्र में जाकर 30 सितंबर से पूर्व यह कार्य करा सकते हैं।