रायपुर में गणेशोत्सव के चलते भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, रात 2 से सुबह 5 बजे तक ही अनुमति
गणेशोत्सव के दौरान रायपुर शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद शहर में मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत 19 प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों की एंट्री सुबह 5 बजे से रात 2 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को शहर में प्रवेश के लिए केवल रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 27 सितंबर तक लागू रहेगी। इसके बाद 28 सितंबर से पहले से लागू प्रतिबंधित आदेश प्रभावी होगा।
भीड़ वाले क्षेत्रों को देखते हुए लिया गया फैसला
गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से शहर के कई हिस्सों में यातायात दबाव बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों की आवाजाही के समय में बदलाव किया है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
तेलघानी नाका क्षेत्र में हल्के वाहनों पर भी असर
गणेशोत्सव की भीड़ को देखते हुए तेलघानी नाका क्षेत्र में शाम के समय हल्के वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। 27 सितंबर तक शाम 5 बजे से रात 11 बजे के बीच कुछ मार्गों पर हल्के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन मार्गों में आजाद चौक से तेलघानी नाका, राठौर चौक से तेलघानी नाका, फाफाडीह चौक-स्टेशन चौक से तेलघानी नाका, भाठागांव-मठपुरैना अंडरब्रिज, कर्मा चौक रामनगर-रामनगर ब्रिज और नहरपारा-संजय गांधी चौक से स्टेशन गुरुद्वारा मार्ग शामिल हैं।
इन 19 मार्गों पर मध्यम-भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद
तेलीबांधा थाना के सामने चौक
केनाल रोड प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
महावीर नगर चौक, रिंग रोड-1
राजेंद्र नगर चौक, रिंग रोड-1
पचपेड़ीनाका चौक, रिंग रोड-1
संतोषीनगर चौक, रिंग रोड-1
भाठागांव चौक, रिंग रोड-1
कुशालपुर चौक, रिंग रोड-1
रायपुरा चौक, रिंग रोड-1
डीडी नगर प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
अरिहंत नगर प्रवेश मार्ग, रिंग रोड-1
टाटीबंध चौक
हीरापुर टर्निंग, रिंग रोड-2
गोगांव तिराहा, रिंग रोड-2
गोंदवारा तिराहा, रिंग रोड-2
पाटीदार भवन के सामने तक भनपुरी
विधानसभा रोड, व्हीआईपी तिराहा
एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे, रिंग रोड-1 से
कचना रेलवे क्रॉसिंग
