मोबाइल पाकर खिले चेहरे: कोरबा पुलिस ने 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाया, CEIR पोर्टल से मिली बड़ी मदद - CGKIRAN

मोबाइल पाकर खिले चेहरे: कोरबा पुलिस ने 110 गुम मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाया, CEIR पोर्टल से मिली बड़ी मदद


कोरबा जिले में 'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान के तहत पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 3 हजार 353 रुपये बताई गई है।

बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, रियलमी और वनप्लस जैसे कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस ने सभी 110 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने कोरबा पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

सीईआईआर पोर्टल से अलग-अलग राज्यों से ट्रेस किए मोबाइल

साइबर पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अलग-अलग जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इनमें कई मोबाइल ऐसे भी थे, जो कई महीने पहले गुम हुए थे और उनके मालिकों ने वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस अधिकारियों का आभार जताया। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल वापस मिलने से पुलिस के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

आठ महीने में 400 से ज्यादा मोबाइल लौटाए

कोरबा साइबर थाना पुलिस के मुताबिक, पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस दिलाए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर गुम मोबाइलों की तलाश की जाती रही है।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत CEIR पर करें शिकायत

गुम या चोरी हुए मोबाइल के लिए तुरंत CEIR पोर्टल पर 'Block Stolen/Lost Mobile' विकल्प के जरिए शिकायत दर्ज करें. इसके लिए पुलिस शिकायत की कॉपी, पहचान पत्र और मोबाइल बिल की आवश्यकता होती है. ​साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 डायल करें. नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें. www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है.


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads