मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल: पक्षाघात से पीड़ित दिव्यांग मरीज के घर पहुंचकर उपलब्ध कराई गई आधार सेवा - CGKIRAN

मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल: पक्षाघात से पीड़ित दिव्यांग मरीज के घर पहुंचकर उपलब्ध कराई गई आधार सेवा

 


जिले में आमजन को सुगम एवं सहज शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मरवाही निवासी पक्षाघात से पीड़ित श्रीमती रामकली गुप्ता को उनके घर पहुंचकर आधार संबंधी आवश्यक सेवा प्रदान की गई। इस पहल से गंभीर रूप से बीमार एवं दिव्यांग नागरिकों के प्रति प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का परिचय मिला। जानकारी के अनुसार श्रीमती रामकली गुप्ता के परिवार द्वारा आधार संबंधी सेवा की आवश्यकता व्यक्त की गई थी। मरीज की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उनका आधार सेवा केंद्र तक पहुंच पाना संभव नहीं था। ऐसे में आधार ऑपरेटर श्री अंशु गुप्ता ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं उनके निवास पहुंचकर आवश्यक आधार संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कराने में सहयोग किया।

इस पहल से न केवल मरीज एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली, बल्कि यह भी सुनिश्चित हुआ कि आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ किसी भी नागरिक से केवल शारीरिक असमर्थता के कारण वंचित नहीं रहे। जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी सेवाएं प्रत्येक पात्र नागरिक तक समय पर और सहज रूप से पहुंचें। विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल सेवा, संवेदनशीलता और सुशासन के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का एक प्रेरक उदाहरण है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads