माओवाद मुक्त बीजापुर का पहला स्वतंत्रता दिवस होगा ऐतिहासिक, ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने कलेक्टर के निर्देश - CGKIRAN

माओवाद मुक्त बीजापुर का पहला स्वतंत्रता दिवस होगा ऐतिहासिक, ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने कलेक्टर के निर्देश


कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान को लेकर व्यापक तैयारियों के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि 15 अगस्त से पूर्व पूरे जिले में अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक घर में सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जा सके। इसके लिए समस्त एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि चार दशक बाद यह पहला स्वतंत्रता दिवस होगा, जब बीजापुर माओवाद मुक्त वातावरण में आजादी का पर्व मनाएगा। यह जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर है, जिसे पूरे हर्षाेल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में तिरंगा फहराने, अभियान के तहत जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शासकीय भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों तक भी अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाते हुए तिरंगा फहराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा।

म विभाग को निर्देशित किया गया कि गत वर्ष संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करते हुए वर्तमान वर्ष में अधिकाधिक श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं श्रम कार्डधारी पालकों के बच्चों को विभागीय छात्रवृत्ति योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस श्री रविन्द्र मीणा, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ तथा नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads