“मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” पर जोर
789 मरीजों को एम्बुलेंस से मिला बेहतर इलाज
45 हजार से अधिक ग्रामीणों की हुई स्क्रीनिंग
जिले में मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व एवं कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” तेजी से सफलता की ओर बढ़ रहा है। कोंटा ब्लॉक में अभियान के अंतर्गत कुल 1,13,817 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें अब तक 45,019 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच पूरी कर ली गई है। दूरस्थ और पहुँचविहीन अंचलों तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
अभियान के दौरान अब तक 2022 मरीज विभिन्न गंभीर एवं सामान्य बीमारियों जैसे मलेरिया, टीबी, बीपी, शुगर, खून की कमी, मुंह का कैंसर एवं मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। इनमें से 789 मरीजों को एम्बुलेंस सुविधा के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल लाकर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया तथा इलाज के बाद सुरक्षित उनके घर वापस पहुंचाया गया। यह अभियान ग्रामीणों के लिए एक भरोसेमंद जीवन रक्षक पहल बनकर सामने आया है।
जिला मुख्यालय से लगभग 230 किलोमीटर दूर बसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी मरीजों को चिन्हित कर जिला अस्पताल तक लाकर विशेष रूप से मोतियाबिंद के मरीजों का उपचार कराया जा रहा है। ग्राम जीनेलंका, बत्तीगुड़ेम एवं गोलापल्ली से मरीजों को ऑपरेशन हेतु जिला अस्पताल लाया गया है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन की यह पहल बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
