विधानसभा चुनाव परिणाम 2026 : पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर एक नजर - CGKIRAN

विधानसभा चुनाव परिणाम 2026 : पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर एक नजर


पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आ चुके हैं. तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव हुए थे. भाजपा ने प.बंगाल में ऐतिहासिक जीत हासिल की है. असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है. तमिलनाडु में अभिनेता विजय ने नया करिश्मा कर दिखाया है. मात्र दो साल पहले ही उन्होंने अपनी पार्टी बनाई थी और आज राज्य में अपनी पार्टी को जबरदस्त जीत दिलाई. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को जीत मिली है. पुडुचेरी में एनडीए को जीत मिली. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव हार गईं. अंतिम आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं...

पश्चिम बंगाल - भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया. पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है. कांग्रेस को दो सीटें, जबकि टीएमसी को 81 सीटें मिलीं. वामपंथी पार्टी को मात्र दो सीटें मिली. अऩ्य को दो सीटें मिलीं. वर्ष 2011 में लगभग चार प्रतिशत के मामूली वोट शेयर से, भाजपा 2019 में लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच गई और फिर 2021 के विधानसभा चुनावों में 77 सीटें हासिल करके वामपंथी और कांग्रेस को पछाड़ते हुए टीएमसी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी.

असम - असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की. भाजपा ने 82 सीट पर जीत हासिल की जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है. राज्य में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है. इससे पहले 2021 और 2016 के चुनावों में उसने 60-60 सीटें जीती थीं. विपक्षी खेमे में कांग्रेस ने 19 सीट जीतीं जबकि बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले एआईयूडीएफ और अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल ने दो-दो सीट हासिल कीं. तृणमूल कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई.

तमिलनाडु - अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटें जीत कर 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई. डीएमके गठबंधन को 73 और एआईडीएमके गठबंधन को 53 सीटें मिलीं. कांग्रेस (5), आईयूएमएल (2), वामपंथी दल (4), वीसीके (2) और पीएमके (5) सीटें जीती. इन पार्टियों के टीवीके को समर्थन देने की संभावना है. टीवीके को सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है.

केरल - केरल में यूडीएफ को 102, एलडीएफ को 35, जबकि एनडीए को तीन सीटें मिली. यूडीएफ गठबंधन का नेतृत्व कांग्रेस के पास है, जबकि एलडीएफ का नेतृत्व सीपीएम के पास है.

गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल और असम की जीत पर अपने संबोधन में कहा, 'गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज शांति मिली. 2021 में हमने पुडुचेरी के लोगों के सामने ‘बेस्ट पुडुचेरी’ का विजन पेश किया था. पुडुचेरी के लोगों ने उस विजन पर अपना भरोसा जताया और हमें आशीर्वाद दिया. पिछले पांच सालों में, हमारी एनडीए सरकार ने इस विजन को आगे बढ़ाने के लिए पूरे समर्पण और कमिटमेंट के साथ काम किया है. आगे कहा, 'आज अलग-अलग उपचुनावों के नतीजे भी बहुत उत्साह बढ़ाने वाले थे. महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में हुए उपचुनावों में हमारे उम्मीदवारों को लोगों का आशीर्वाद मिला और इन राज्यों में भी हम जीते. एनडीए नेता और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी जबरदस्त जीत हासिल की.'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर, मैं हर बीजेपी कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. आज का दिन कई मायनों में खास है. यह देश के उज्ज्वल भविष्य की घोषणा का दिन है. यह भरोसे का दिन है. भारत के महान लोकतंत्र पर भरोसा. परफॉर्मेंस की राजनीति पर भरोसा. 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना पर भरोसा.'

ऐतिहासिक समर्थन के लिए लोगों का दिल से शुक्रिया: नितिन नबीन

बीजेपी हेडक्वार्टर में पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट नितिन नबीन ने कहा, 'पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद मैं भारत के लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने हमें ऐतिहासिक सपोर्ट दिया है. मैं दिल से सभी पांच राज्यों के लोगों को हमारी लीडरशिप,बीजेपी और एनडीए पर भरोसा जताने के लिए बधाई और धन्यवाद देता हूं.'

भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से बंगाल, असम में चुनाव चोरी किए: राहुल

नयी दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन आयोग की मदद से चुनाव की चोरी की है. उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस दावे का समर्थन किया कि पश्चिम बंगाल में 100 सीट की लूट की गई है. गांधी ने 'एक्स' पर लिखा, "भाजपा द्वारा निर्वाचन आयोग के सहयोग से असम और बंगाल के चुनाव चोरी किए जाने के स्पष्ट मामले हैं. हम ममता जी से सहमत हैं. बंगाल में 100 से ज्यादा सीट चोरी हो गईं."

गांधी ने कहा, "हमने पहले भी यह तरकीब देखी है." कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और पिछले लोकसभा चुनाव में यह देखने को मिला था. उन्होंने कहा, "चुनाव चोरी, संस्था चोरी - अब और चारा ही क्या है!"

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads