एनएचएआई ने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों की सुरक्षा के लिए 'डायल 1033' आपातकालीन सेवाओं का किया विस्तार - CGKIRAN

एनएचएआई ने छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रियों की सुरक्षा के लिए 'डायल 1033' आपातकालीन सेवाओं का किया विस्तार



राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने छत्तीसगढ़ में 1033 हेल्पलाइन सेवाओं का विस्तार किया है। इसके तहत NH-49 पर बिलासपुर से रायगढ़ मार्ग के बीच अत्याधुनिक आपातकालीन एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की गई हैं। एनएचएआई की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर द्वारा पाराघाट टोल प्लाजा और केसला टोल प्लाजा पर आधुनिक एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत मदद मिल सके।

परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा एनएचएआई की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लंबे सफर पर निकलने से पहले वाहन की जांच के साथ अपने मोबाइल में 1033 हेल्पलाइन नंबर भी सेव जरूर रखें। एनएचएआई के मुताबिक, 1033 टोल फ्री हेल्पलाइन हाईवे पर 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराती है। सड़क हादसा, वाहन खराब होना, टायर पंचर, रास्ते में पेड़ या मलबा गिरना, मवेशियों की मौजूदगी, मेडिकल इमरजेंसी या फास्टैग और टोल संबंधी समस्या होने पर यात्री इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

जैसे ही कोई व्यक्ति 1033 पर कॉल करता है, एनएचएआई का कंट्रोल रूम तुरंत सक्रिय हो जाता है। लोकेशन मिलने के बाद एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन या क्रेन को मौके पर भेजा जाता है। घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाती है। एनएचएआई का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हाईवे पर यात्रियों को तेज और बेहतर आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads