नौतपा ने दिखाए तेवर! भीषण गर्मी से तपा छत्तीसगढ़, कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार
छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के साथ हुई है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली और राजनांदगांव समेत कई शहरों में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। इस सीजन में पहली बार रायपुर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है। हालांकि बंगाल की खाड़ी से नमी आने की शुरुआत हो गई है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को तेज गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों तक ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
तेज गर्मी और लू के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, सिर ढंककर रखने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
