“सियान चेतना” पहल: रिटायर्ड पुलिसकर्मी निभाएंगे अहम भूमिका
पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने एक नई पहल “सियान चेतना” अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर से सक्रिय भूमिका में जोड़ा जा रहा है।इस पहल के तहत अब सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपने अनुभव का उपयोग करते हुए समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करेंगे. बिलासपुर पुलिस की यह पहल एक नए मॉडल के रूप में सामने आ रही है, जिसे भविष्य में अन्य जिलों में भी अपनाया जा सकता है.
इस निर्णय को लेकर पुलिस मैदान स्थित बिलासा गुड़ी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वर्तमान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए.
रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को मिली अहम जिम्मेदारी
बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं. उनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, समाज में जागरूकता फैलाना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा.
तकनीक के साथ अनुभव का समन्वय
बिलासपुर पुलिस पहले ही ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर पुलिसिंग को मजबूत कर चुकी है. अब इस नई पहल के जरिए अनुभवी रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को जोड़कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही, बेसिक पुलिसिंग के तहत बीट प्रणाली को भी प्रभावी तरीके से लागू किया गया है, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी और बेहतर होगी.
पुलिस विभाग को मिलेगी मजबूती – एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि पहल से न केवल पुलिस विभाग को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम जनता के बीच भी विश्वास बढ़ेगा. समाज में सम्मानित रिटायर्ड पुलिसकर्मी मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए लोगों की समस्याओं को समझेंगे और समाधान में मदद करेंगे.यह पहल भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल साबित हो सकती है।
