चेच भाजी बनी किसानों की पसंद, कम समय में ज्यादा मुनाफा,बाजार में भारी डिमांड
छत्तीसगढ़ में चेच भाजी बेहद फेमस है. चेच भाजी को चावल और इमली के पानी के साथ सब्जी बनाकर खाया जाता है, जो बेहद स्वादिष्ट लगती है. इस भाजी की बाजार में मांग काफी ज्यादा होती है और यह हाथों-हाथ बिक जाती है. छत्तीसगढ़ के किसान बरसात के अलावा गर्मियों में भी चेच भाजी की खेती कर रहे हैं. चेच भाजी की खेती करना बेहद आसान है.इस भाजी में ज्यादा देखरेख की आवश्यकता भी नहीं होती है. यह लंबी अवधि तक फसल देने वाली फसल है और इसमें बीमारियों का प्रकोप भी ज्यादा नहीं होता है. आप इस भाजी की खेती कम लागत में अच्छी कमाई के साथ कर सकते हैं.
चेच भाजी की खेती कैसे होती है?
गर्मी के समय चेच भाजी की खेती कैसे की जाती है, इस पर किसानो से बातचीत की. किसान ने बताया कि सबसे पहले दो बार हल चलाया जाता है. इसके बाद रोटावेटर से मिट्टी को भुरभुरी कर लिया जाता है. फिर मेड़ बनाकर चेच भाजी के बीज की बुवाई की जाती है. इसमें गोबर खाद के अलावा सुपर फॉस्फेट, DAP और जिंक कोबरा खाद का भी उपयोग किया जाता है. बीज बोने के बाद यह डेढ़ महीने में तैयार हो जाती है और तैयार होने के बाद ढाई से तीन महीने तक फसल देती रहती है. उन्होंने बताया कि उन्होंने 15-17 डिसमिल में इसकी खेती की है.
चेच भाजी में पीलापन जैसी बीमारियां आ सकती हैं. इसमें मक्खियां भी बैठती हैं, जिनके रोकथाम के लिए कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है. इसमें लगभग तीन हजार रुपये तक का खर्च आता है और इससे कम से कम 15-20 हजार रुपये तक की आमदनी हो जाती है. गर्मी के समय लोग चेच भाजी को खाना काफी पसंद करते हैं, जिससे बाजार में इसकी मांग बनी रहती है.
