बेरोजगारों के लिए सुनहरा मौका! नौकरियों का मेला, 6000 पदों के लिए खुला मेगा प्लेसमेंट ड्राइव
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई की रूंगटा यूनिवर्सिटी में आज से राज्य का सबसे बड़ा ओपन कैंपस प्लेसमेंट मेला प्लेसमेंटनामा शुरू हो गया है. यह मेगा प्लेसमेंट ड्राइव 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक चलेगा और प्रदेशभर के युवाओं के लिए शानदार रोजगार अवसर लेकर आया है. इस आयोजन में देश की 103 बड़ी और फेमस कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जो लगभग 6000 पदों पर भर्ती करेंगी. इस बार प्लेसमेंट मेले में फ्लिपकार्ट, हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, हीरो मोटर्स और वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज जैसी नामी कंपनियां शामिल हो रही हैं. इन कंपनियों में नौकरी पाने का मौका युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
कैसा होगा प्रोसेस
इस प्लेसमेंट ड्राइव की सबसे खास बात यह है कि इसमें पूरी प्रक्रिया बिल्कुल मुफ्त रखी गई है. रजिस्ट्रेशन से लेकर इंटरव्यू तक किसी भी तरह की फीस नहीं ली जा रही है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें. अब तक करीब 6000 अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर चुके हैं.
इस मेले में अलग-अलग स्ट्रीम के छात्र हिस्सा ले सकते हैं. चाहे आप बीए, बीकॉम, बीएससी, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा, फार्मेसी या आईटीआई से जुड़े हों, सभी को यहां मौका मिलेगा. चुने उम्मीदवारों को सालाना 3 लाख रुपये से लेकर 17 लाख रुपये तक का पैकेज मिल सकता है, जो युवाओं के लिए एक बेहतरीन शुरुआत साबित हो सकता है.
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
रजिस्ट्रेशन के लिए अभ्यर्थियों को यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पर्सनल और एकेडमिक जानकारी भरनी होगी. इसके बाद मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन करना होगा. रिक्रूटमेंट ड्राइव ट्रेनिंग सेक्शन में जाकर कंपनियों की जानकारी देखकर अपनी पसंद की कंपनी में आवेदन किया जा सकता है. इसके अलावा, छात्र सीधे कैंपस में पहुंचकर स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं.
पिछले साल भी इस प्लेसमेंट मेले में हजारों युवाओं को नौकरी मिली थी. कुछ उम्मीदवारों को 28 लाख रुपये तक का पैकेज मिला था, जबकि कई को 3 से 12 लाख रुपये तक की सैलरी मिली थी. इस बार भी युवाओं को बड़े अवसर मिलने की उम्मीद है.
