छत्तीसगढ़ में निकली 2292 सहायक अध्यापकों की भर्ती, 11 अक्टूबर को होगा एग्जाम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के मुताबिक प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी क्रम में राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने सहायक अध्यापक के 2292 रिक्त पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है. अधिसूचना के अनुसार, इसमें 795 वैकेंसी ई-संवर्ग की शालाओं और 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं के लिए है.
अधिसूचना के अनुसार, इस शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को होगी. इसको लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने आदेश जारी कर दिया है. हालांकि अभी डिटेल नोटिपफिकेशन नहीं जारी किया गया है. इसलिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा समेत अन्य शर्तें जानने के लिए डिटेल नोटिफिकेशन का इंतजार करना होगा.
कहां मिलेगा डिटेल विज्ञापन
इस शिक्षक भर्ती का का डिटेल विज्ञापन ऑफिशियल वेबसाइट पर मिलेगा. डीपीआई के आदेश के अनुसार, डिटेल विज्ञापन व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in और स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट eduportal.cg.nic.in पर जारी किया जाएगाञ इसके अलावा भर्ती परीक्षा का सिलेबस भी व्यापमं की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा. इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन व्यापमं की ओर से किया जाएगा.
रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप व्याख्याता और शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए अलग से विज्ञापन जारी किए जाएंगे. डीपीआई के उप संचालक एन बंजारा ने बताया कि अभी जो भर्ती निकली है उसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने और अंतिम तिथि की जानकारी व्यापमं की ओर से अलग से दी जाएगी. इससे राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है.
