छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण 1 मई 2026 से होने जा रहा है शुरुआत - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण 1 मई 2026 से होने जा रहा है शुरुआत


छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 मई 2026 से शुरू होने जा रहा है. राज्य जनगणना कार्यक्रम के निदेशक IAS कार्तिकेय गोयल ने बातचीत में जनगणना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है. कार्तिकेय गोयल ने कहा, जनगणना में मांगी गई हर जानकारी पूरी और सही तरीके से देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जो जानकारियां एकत्र कर रही है, वह देश और राज्य के विकास के लिए है. इस डाटा का उपयोग नीतियां बनाने, योजनाएं तैयार करने और विकास कार्यों में किया जाएगा. उन्होंने कहा, सरकार इन जानकारियों को किसी भी अन्य व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं करती. जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है.

गलत जानकारी देने पर कार्रवाई

निदेशक ने चेतावनी देते हुए कहा कि गलत या झूठी जानकारी देने पर शासन स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अपील की कि नागरिक बिना किसी भय या संकोच के सही आंकड़े दें, क्योंकि यह पूरे देश के विकास की नींव का काम करेगा.

समस्या पर यहां संपर्क करें

जनगणना 2027 से जुड़े सवालों और तकनीकी सहायता के लिए गृह विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1855 शुरू करने की तैयारी की है. 16 अप्रैल से यह सेवा सक्रिय होगी, जहां लोग सेल्फ एन्यूमरेशन, प्रगणक विजिट और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे. इसके साथ राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम के जरिए पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग भी की जाएगी.

कार्तिकेय गोयल ने बताया कि अगर किसी तरह की समस्या, शंका या कठिनाई हो तो प्रगणक (Enumerator), स्थानीय प्रशासन या जनगणना के आधिकारिक ऑनलाइन टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. वे तुरंत सहायता उपलब्ध कराएंगे.

पहली बार डिजिटल जनगणना और सेल्फ एन्यूमरेशन

इस जनगणना की खासियत इसका डिजिटल स्वरूप है. नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी भर सकेंगे. जानकारी दर्ज करने के बाद एक SE ( सेल्फ एन्यूमरेशन) ID जनरेट होगी, जिसे घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा. प्रगणक की पुष्टि के बाद ही रिकॉर्ड अंतिम रूप से सुरक्षित होगा.

छत्तीसगढ़ होगा पहला राज्य

बता दें कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां पूरी तरह डिजिटल जनगणना होगी. प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा. पूरा जनगणना अभियान 2027 में पूरा होने के बाद 2028 में अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads